22 Feb 2022 | 1 min Read
Mona Narang
Author | 69 Articles
जिस तरह बच्चे के जन्म के बाद मां को मैटरनिटी लीव मिलती है, ठीक उसी तरह पिता के लिए पैटरनिटी लीव भी होती है, लेकिन भारत में इसका चलन कम है। ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल अपने दूसरे बच्चे के स्वागत के लिए पैटरनिटी लीव ले रहे हैं, जिस वजह से वह इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं।
पराग के इस फैसले की सोशल मीडिया पर लोग जमकर सराहना कर रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि पराग को ट्विटर को ज्वाइन किए अभी ज्यादा वक्त भी नहीं हुआ है और वह अब पैटरनिटी लीव पर जा रहे हैं। पराग का पद बहुत ऊंचा है और इस स्टेज पर लंबी छुट्टी पर जाने का कोई रिस्क नहीं लेता है।
बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने भी ट्विटर के CEO पराग अग्रवाल के इस कदम की जमकर तारीफ की है। लेकिन, आपको बता दें कि पराग से पहले भी कई ऐसे सेलिब्रिटी हैं, जिन्होंने अपने बच्चों के लिए पैटरनिटी लीव ली थी। आर्टिकल में बात करेंगे उन 5 बिग पर्सनालिटी की जो पराग अग्रवाल से पहले पैटरनिटी लीव ले चुके हैं।
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम फेसबूक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग का लेंगे उन्होंने उनकी पत्नी प्रिसिला चान के गर्भवती होने पर दो महीने कै पैटरनिटी लीव ली थी। मार्क जुकबर्ग के दो बच्चे हैं मैक्स और अगस्त। दोनों बच्चों के समय मार्क ने दो माह का पितृत्व अवकाश लिया था।
जुकरबर्ग की जब दूसरी बेटी होने वाली थी तो उन्होंने खुद फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा था- जब मैक्स हुई थी तब भी मैंने दो महीने की पैटरनिटी लीव ली थी। अपनी बेटी के साथ बिताए उन पलों का मैं हमेशा शुक्रगुजार रहूंगा। हमारी दूसरी बेटी इस दुनिया में जल्दी कदम रखने वाली है। मैं एक बार फिर दो महीने की पैटरनिटी लीव पर जाने की योजना बना रहा हूं। उन्होंने आगे लिखा कि फेसबुक के कर्मचारियों के चार महीने की मातृत्व पितृत्व अवकाश मिलता है। ऐसा इसलिए क्योंकि कई शोध में यह सामने आया है कि कामकाजी परिवार अपने बच्चे के शुरुआती जीवन को उसके साथ बिताता है, तो इससे पूरे परिवार को फायदा पहुंचता है।
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने भी अपनी बेटी वामिका कोहली के जन्म के समय पैटरनिटी लीव ली थी। उस दौरान इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी। विराट ने उस समय क्रिकेट से पूरी तरह से दूरी बना ली थी और वह किसी भी दौरे पर नहीं गए थे।
विराट एक शानदार क्रिकेटर हैं। इसके साथ ही पिता बनने की जिम्मेदारी को भी उन्होंने बखूबी से निभाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था- ये बहुत खास समय है और इस समय मैं अपनी पत्नी के साथ समय व्यतीत करना चाहता हूं।
इस लिस्ट में मशहूर फिल्मकार करण जौहर का नाम भी शामिल है। सिंगल डैड करण के 2017 में सरोगेसी की मदद से दो ट्विन्स बच्चे हैं- रूही और यश। करण ने अपने दोनों बच्चों के साथ शुरुआती पलों को जीने के लिए 2 महीने का काम से ब्रेक लिया था।
सैफ अली खान चार बच्चों के पिता हैं और उन्होंने हर बार नवजात बच्चे के स्वागत के लिए पैटरनिटी लीव ली। तैमूर के समय जब सैफ ने पितृत्व अवकाश लिया था, उस समय वह राजा कृष्णा मेनन की फिल्म ‘शेफ’ की शूटिंग कर रहे थे। सैफ ने कई दफा पैटरनिटी लीव के महत्व के बारे में अपनी राय रखी है।
सैफ का मानना है कि एक पिता को बच्चे के जन्म के समय मां के साथ होना चाहिए। सैफ ने एक इंटरव्यू के दौरान बताया था कि उन्होंने अपने पहले बच्चे यानी सारा अली खान के जन्म पर भी पैटरनिटी लीव ली थी। जब आपके घर एक नन्हा मेहमान आने वाला हो, तो किसका काम करने का मन करेगा।
शाहिद कपूर की एक बेटी और एक बेटा है। शाहिद ने दोनों दफा नन्हे मेहमान के स्वागत और पत्नी मीरा के साथ समय बिताने के लिए पैटरनिटी लीव ली थी। बता दें, बेटी मिशा के जन्म के समय छह महीने और बेटे जैन के जन्म के वक्त शाहिद ने काम से एक महीने का ब्रेक लिया था।
नए समय के साथ लोगों को समझना होगा कि नवजात शिशु की देखभाल में पुरुषों को अपनी भागीदारी बढ़ाने की जरूरत है। ऊपर कुछ अच्छे उदाहरण दिए हैं, जिन्हें हमें रूढ़िवादी परंपराओं से पीछा छुड़ाने के लिए इस्तेमाल करना चाहिए। तो सोच क्या रहे हैं, यदि आपके घर भी आने वाला है नन्हा मेहमान, तो अभी से कर लें पैटरनिटी लीव प्लान।