2 May 2022 | 1 min Read
Vinita Pangeni
Author | 421 Articles
न्यू पेरेंट्स बच्चे की सेहत को लेकर हमेशा सतर्क रहते हैं। वो हर उस चीज को डबल चेक करते हैं, जिनसे बच्चे की सेहत जुड़ी होती है। लेकिन, पेय पदार्थ के मामले में थोड़ा चूक जाते हैं। जी हां, बच्चे को पीने के लिए दी जाने वाली अधिकतर चीजें नुकसानदायक होती हैं। इसलिए हम बढ़ते बच्चों के लिए नुकसानदेह पेय की लिस्ट लेकर आए हैं।
इनमें से अधिकतर पेय को माता-पिता सामान्य समझकर बच्चे को पिला देते हैं। मगर ये सब बच्चे को लॉन्ग रन में नुकसान पहुंचाती है। आइए, बच्चों के लिए नुकसानदेह पेय पदार्थ (Unhealthy Drinks For Kids In Hindi) के बारे में आगे जानते हैं।
यहां बताए गए सभी पेय बच्चे के लिए नुकसानदेह (Unhealthy Drinks for Kids in Hindi) हैं। इन्हें बच्चों को देने से बचना चाहिए। अगर संंभव न हो, तो कम मात्रा में ही उन्हें दें। अन्यथा उनकी सेहत को नुकसान पहुंच सकता है।
फ्लेवर्ड मिल्क भी बच्चों के लिए नुकसानदेह पेय है। बच्चे सामान्य दूध के बजाय इन्हें पीना पसंद करते हैं। माता-पिता भी सोचते हैं कि बच्चे को फ्लेवर्ड मिल्क पसंद है, तो उन्हें दे देते हैं, आखिर है तो दूध ही। बस यही आप गलती कर बैठते हैं। फ्लेवर मिल्क में काफी ज्यादा चीनी होती है। रिसर्च पेपर बताते हैं कि फ्लेवर वाले दूध वजन और चर्बी बढ़ाते हैं।
बच्चों को तुरंत ऊर्जा देने के लिए कभी-कभी माता-पिता बच्चे को एनर्जी ड्रिंक दे देते हैं। बच्चा शारीरिक रूप से कितना भी सक्रिय क्यों न रहता हो, उसे एनर्जी ड्रिंक की जरूरत नहीं होती। ऊपर से इसमें काफी सारा शुगर और कैफीन भी होता है। ये दोनों ही बच्चे की सेहत के लिए अच्छे नहीं होते।
बहुत अधिक चीनी बच्चों के दांत खराब कर सकता है। साथ ही इससे बच्चे का वजन बढ़ने का खतरा भी रहता है। एनर्जी ड्रिंक में मौजूद कैफीन से बच्चे के सिर दर्द, पेट में खराबी, घबराहट, नींद न आने जैसी दिक्कत होती है।
एनर्जी ड्रिंक की तरह ही चाय और कॉफी में भी कैफीन होता है। चाय और कॉफी में कैफीन के साथ ही चीनी भी होती है। इन दोनों ही चीजों का मेल बच्चे के लिए अच्छा नहीं है। चाय और कॉफी या अन्य किसी पेय पदार्थ में मौजूद कैफिन से कैल्शियम के अवशोषण में बाधा पैदा हो सकती है। इससे बच्चों की हड्डियां कमजोर और सही से विकसित नहीं हो पाती है।
यही नहीं, सीने में जलन होना और उच्च रक्तचाप की शिकायत भी कैफीन से हो सकती है। चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन की लत लगने पर अनिद्रा, बेचैनी, डिहाइड्रेशन, चिंता, घबराहट जैसी तमाम परेशानियां हो सकती हैं या जोखिम भी हो सकता है।
बच्चों के लिए नुकसानदेह पेय की लिस्ट में कोल्ड ड्रिंक भी है। कभी रोते बच्चे को चुप कराने के लिए, तो कभी बच्चों को खुश करने के लिए माता-पिता उन्हें कोल्ड ड्रिंक दे देते हैं। लेकिन इससे नुकसानदायक शायद ही कुछ हो। इसमें एसिड, चीनी, कैलोरी, कैफीन होते हैं। इनसे लिवर को खतरा, डायबीटिज का जोखिम, मोटापा, हृदय रोग की शिकायत हो सकती है।
बाजार में मिलने वाला सोडा लोग काफी पीते हैं। शिकंजी बनाते समय भी इसका उपयोग होता है। घर से बाहर निकलते ही सोडा का ठेला भी मिल ही जाता है। इन सबके चलते बच्चे भी इस नुकसानदेह पेय से नहीं बच पाते। कोल्ड ड्रिंक की ही तरह यह भी विभिन्न बीमारियों का बुलावा देना है। हर तरह के हानिकारक सोडायुक्त पेय बच्चे के विकास में भी बाधा कर सकते हैं।
इन सभी ड्रिंक के अलावा बच्चों को अन्य मीठे पेय यानी शुगर युक्त ड्रिंक देने से बचना चाहिए। बच्चों के लिए सबसे अच्छा और हेल्दी ड्रिंक पानी है। अन्य मीठे पेय पदार्थ में आर्टिफिशियल स्वीटनर डाला जाता है। इससे मोटापा और ओरल हेल्थ संबंधी दिक्कतें होती हैं। ये परेशानी यही नहीं रुकती मोटापे से बच्चों में हृदय रोग, रक्तचाप संबंधी रोग, जैसी कई समस्याएं उत्पन्न होने लगती हैं।
चाहते हैं कि बच्चों का सही विकास और उसके शरीर में फायदेमंद तत्व ही पहुंचे, तो बच्चे को ऊपर बताए गए अनहेल्दी ड्रिंक से बच्चे को बचाए रखें। आप यह हेल्थ ड्रिंक फॉर किड्स लेख की मदद से उनके लिए हेल्दी ड्रिंक के विकल्प चुन सकती हैं। वैसे बच्चे, व्यस्क और बूढ़ों सभी के लिए पानी से लाभदायक पेय धरती में कोई दूसरा नहीं।
0
Like
0
Saves
0
Shares
A