26 Apr 2022 | 1 min Read
Vinita Pangeni
Author | 421 Articles
अक्सर बॉलीवुड सेलेब्स फिल्मों और दूसरे प्रोजेक्ट्स की शूटिंग में व्यस्त रहते हैं। उन्हें मुश्किल से अपने शौक पूरा करने का वक्त मिलता है। कुछ बॉलीवुड सेलिब्रिटी को घूमना पसंद है, तो किसी को लिखना, कुछ खाली समय में गाना पसंद करते हैं, तो कुछ किताबें पढ़ना। आज इस लेख में हम ऐसे बॉलीवुड सेलिब्रिटी पर चर्चा करेंगे, जिन्हें किताबें पढ़ना बेहद पसंद है।
हम ऐसे ही पुस्तक प्रेमी सेलेब्स के बारे में वर्ल्ड बुक डे यानी विश्व पुस्तक दिवस के दिन बता रहे हैं। चलिए, इन बॉलीवुड सितारों की सूची जानते हैं।
यूं तो किताबों से लगाव रखने वाले सेलिब्रिटी कई हैं। यहां हमने किताबी कीड़ा कहलाने वाले चुनिंदा सात सेलिब्रिटी को जगह दी है।
सोहा अली खान
सोहा अली खान की पसंदीदा चीजों में किताबें पढ़ना भी शामिल है। वो अपना खाली समय अक्सर किताबों के साथ बिताती हैं। खुद किताबें पढ़ने के साथ ही वो अपने बेटी में भी पढ़ने की आदत शामिल कर रही हैं। कुछ समय पहले सोहा ने इंस्टाग्राम के जरिए कहा था कि अब वो ‘अ लिटिल लाइफ’ और ‘असिमिट्री’ किताब पूरी पढ़ना चाहती हैं।
इंस्टा पर वीडियो में सोहा ने दोनों किताबों की खासियत और शुरुआत के 50 पन्नों में क्या लिखा है, उसका भी जिक्र किया है। सोहा की तरह ही सैफ अली खान को भी किताबें पढ़ना पसंद है। ये बात करीना कपूर के इंस्टा हैंडल से पता चलती है। वो अक्सर अपने घर की लाइब्रेरी से पति की किताब पढ़ने वाली तस्वीरें साझा करती हैं।
सोनाली बेंद्रे
सोनाली बेंद्रे किताबों के लिए अपने प्यार के लिए जानी जाती हैं। समय-समय पर वो नई किताब पढ़ती हैं और उससे संबंधित पोस्ट इंस्टा पर डालती हैं। हाल ही में सोनाली ने ‘द सीक्रेट हिस्ट्री ऑफ द सैकलर डायनेस्टी – एम्पायर ऑफ पेन’ किताब पढ़ने की बात कही है।
सोनाली बेंद्रे ने इंस्टा पर लिखा है कि वो इस किताब को लेकर काफी उत्सुक हैं। किताब को लेकर सोनाली की चाहत इस बात से साफ बयां होती है कि पिछले पांच साल से सोनाली एक ऑनलाइन बुक क्लब अकाउंट हैंडल करती हैं। इसमें वो किताबों से जुड़ी चर्चा करती हैं।
ट्विंकल खन्ना
किताबें पढ़ना पसंद करने वाले बॉलिवुड सेलिब्रिटी की लिस्ट ट्विंकल खन्ना के बिना अधूरी है। अभिनेत्री के रूप में कुछ समय काम करने के बाद ट्विंकल खन्ना एक सफल लेखक के रूप में उभरीं। इन्हें ना सिर्फ किताबें लिखना पसंद है, बल्कि विभिन्न किताबें पढ़ना भी इनकी आदत में शुमार है। खुद किताबें पढ़ने के साथ ही यह अपनी बेटी को भी किताबें पढ़ने के लिे प्रेरित करती हैं।
सोनम कपूर
सोनम कपूर को किताबी कीड़ा कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। लॉकडाउन के समय भी उन्होंने अपने वक्त किताबों को दिया। सेलिब्रिटी सोनम कपूर ऑनलाइन बुक रीडिंग सेशन भी करती हैं। कुछ समय पहले सोनम कपूर ने ऑनलाइन ‘द लिटिल प्रिंस’ किताब पढ़ी थी।
मोनी राय
टीवी इंडस्ट्री से बॉलीवुड तक का सफर तय करने वाली मौनी रॉय भी किताबी कीड़ा हैं। उन्होंने अपने इंस्टा बायो में भी लिखा है कि उन्हें घूमने-फिरने के साथ ही किताबों से बेहद लगाव हैं। इन्हें पढ़ना इतना पसंद है कि ये छुट्टियां बिताने के लिए जाते समय भी कई बार अपने साथ किताब ले जाती हैं। किताब पढ़ने और घूमने के अलावा मौनी को खाना बनाना और परिवार वालों के साथ वक्त बिताना भी पसंद है।
आलिया भट्ट
स्टार किड कहलाने वाली सेलिब्रिटी आलिया भट्ट ने अपनी एक्टिंग के जरिए बॉलिवुड में एक अलग मुकाम हासिल किया है। आलिया को किताबों से गहरा लगाव है। खासकर, हैरी पॉटर नॉवल से। जब भी आलिया को समय मिलता है, वो हैरी पॉटर नॉवल और उसकी लेखिका जेके राउलिंग के प्रति अपना प्यार जाहिर करती हैं। आलिया किताबों के बारे में इंस्टा पर लिखती हैं कि किताबें हमें एक अलग जगह और दुनिया में लेकर जाती हैं।
कल्कि कोचलिन
‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ फिल्म की एक्ट्रेस कल्कि कोचलिन भी किताबें पढ़ना खूब पसंद करती हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया था, “मेरी माँ काफी किताबें पढ़ती थीं। उन्हीं से यह अच्छी आदत मुझमें भी आई है।” ‘द लिटिल प्रिंस’ उनकी पसंदीदा किताब है। कल्कि को नॉवल पढ़ने के साथ ही कविताएं पढ़ने का भी शौक है। कल्कि खुद भी अपनी प्रेग्नेंसी पर एक किताब लिख चुकी हैं
किसी लाइब्रेरी या कमरे में बैठे-बैठे भी किताबें हमें एक अलग और नई दुनिया में लेकर जाती हैं। किताबें पढ़ने से सिर्फ दिमाग तेज नहीं होता, बल्कि सोचने, समझने और बोलने की कला में भी सुधार होता है। बस तो आप भी आज से ही कोई अच्छी सी किताब पढ़ना शुरू कर दें। अगर पहले से ही किताबें पढ़ना पसंद है, तो कमेंट बॉक्स पर हमें अपनी पसंदीदा किताब के बारे में जरूर बताएं।
0
Like
0
Saves
0
Shares
A