9 Jun 2022 | 1 min Read
Vinita Pangeni
Author | 554 Articles
गर्मी के मौसम में राहत पाने के लिए आप उत्तराखंड आने का प्लान बना सकते हैं। उत्तराखंड किसी स्वर्ग से कम नहीं है। यहां आपको इंडिया के स्विट्जरलैंड से लेकर मिनी कश्मीर तक सब कुछ मिलेगा। यहां की वादियां, पहाड़, हरियाली सब कुछ मनमोहक है। स्ट्रेस, परेशानियों को दूर कर शरीर को और अपने मन को रिलैक्स करना है, तो उत्तराखंड से बेहतर कुछ और नहीं हो सकता है। यहां हम गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए उत्तराखंड के बेस्ट हॉलिडे डेस्टिनेशन के नाम दे रहे हैं।
यहां आप गर्मी को मात देककर जून-जुलाई की गर्मी में ठंडक महसूस कर सकते हैं। चलिए, तो लेख में आगे बढ़ते हुए जानते हैं कुछ उत्तराखंड के कुछ बेस्ट हिल स्टेशन के नाम।
औली (Auli)
उत्तराखंड में स्कीइंग डेस्टिनेशन के नाम से औली को जाना जाता है। इसे इंडिया का स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है। यह बदरीनाथ के रास्ते में स्थित है। यहां तीन किलोमीटर लंबी ढलान, गोंडोला, चेयरलिफ्ट और पोमा स्की लिफ्ट है। यदि आप ट्रेकिंग में इंटरेस्टेड हैं, तो कुआरी पास ट्रेलहेड औली में है। नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान से होकर गुजरने वाला यह ट्रेक राज्य के सबसे अच्छे और सुलभ स्थानों में से एक है। थ्रिलोफिलिया हरिद्वार से छह दिवसीय निर्देशित यात्राएं प्रदान करता है। आसपास कई अन्य लंबी पैदल यात्रा के रास्ते भी हैं। यह जगह जोशीमठ के पास पड़ती है। आप ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पहुंचकर या देहरादून हवाई अड्डा पहुंचकर रोड से औली पहुंच सकते हैं।
फूलों की घाटी (The Valley of Flowers National Park)
गढ़वाल क्षेत्र में फूलों की घाटी नेशनल पार्क मानसून की बारिश के साथ जीवंत हो उठता है। इस उच्च ऊंचाई वाली हिमालयी घाटी में लगभग 300 विभिन्न प्रकार के अल्पाइन फूल हैं। यह एक लोकप्रिय ट्रेकिंग गंतव्य है, जो जून की शुरुआत से अक्टूबर के अंत तक खुला रहता है। यहां निकटतम हवाई अड्डा देहरादून जॉलीग्रांट है और निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश। फूलों की घाटी पहुंचने के लिए सड़कें केवल गोविंद घाट तक जुड़ी हुई हैं, जहां से फूलों की घाटी तक पहुंचने के लिए 16 किलोमीटर का ट्रेक करना होगा।
अलमोड़ा (Almora)
कुमाऊं क्षेत्र का दिल कहलाने वाला अल्मोड़ा भी गर्मियों में घूमने के लिए अच्छी जगह है। यहां अधिकतर लोग कसार देवी मंदिर जाते हैं, जहां स्वामी विवेकानंद ने ध्यान लगाया था। अल्मोड़ा के आसपास आपको बिनसर वाइल्ड लाइफ सेंचुरी और कौसानी। कौसानी में महात्मा गांधी ने लंबा समय बिताया था। इसके अलावा, रानीखेत और जागेश्वर मंदिर भी दिखने योग्य है।
मुनस्यारी (Munsiyari)
मुनस्यारी को ‘मिनी कश्मीर’ के नाम से भी जाना जाता है। पंचाचूली, नंदा देवी और नंदा कोट की लुभावनी पृष्ठभूमि के साथ, मुनस्यारी गर्मियों में परिवार के साथ उत्तराखंड घूमने के लिए सबसे अच्छी जगह है। यह एक छोटा गाव है, जो नामिक, मिलम और रालम ग्लेसियर का आधार है। यह जगह गोरीगंगा नदी के तट पर स्थित है।
मौसम की बात करें, तो सालभर यहां अद्भुत मौसम रहता है। यहां की ऊंचाई समुद्र से 2,298 मीटर है। आप यहां बिरथी फॉल्स, माहेश्वरी कुंड, कालामुनि टॉप, थमारी कुंड, खलिया टॉप और नंदा देवी मंदिर जा सकते हैं। यहां पहुंचने के लिए पंतनगर एयरपोर्ट जाना होगा और रेल मार्ग से जाने के लिए निकटतम स्टेशन काठगोदाम है।
मसूरी (Mussoorie)
उत्तराखंड के देहरादून जिले में स्थित मसूरी भी गर्मियों के लिए आदर्श जगह है। यहां टूरिस्ट के लिए बहुत-सी सुविधाएं उपलब्ध हैं। आप केबल कार से गन हिल जा सकते हैं। कमैल्स बेक रोड के किनारे प्रकृति का आनंद ले सकते हैं, केम्प्टी फॉल्स में गिरते झरनों का मजा ले सकते हैं। मसूरी की सबसे ऊंची चोटी लाल टिब्बा तक घोड़े की सवारी कर सकते हैं। मसूरी से देहरादून का शानदार नजारा भी दिखता है। आप कंपनी गार्डन, झरी पानी जैसी जगह का भी आनंद ले सकते हैं।
नैनीताल (Nainital)
उत्तराखंड के कुमाऊं क्षेत्र में नैनीताल की पहाड़ी बस्ती देखने लायक है। यहां अंग्रेज गर्मियों में खूब आया करते थे। यहां की नैनीताल (नैनी) झील काफी सुंदर। नैनीताल में वन सैर का आनंद ले सकते हैं, घोड़े की सैर करके आसपास के क्षेत्र का पता लगाया जा सकता है और झील में नाव की सवारी कर सकते हैं। दिल्ली के करीब होने के कारण गर्मियों में यहां भीड़ काफी बढ़ जाती है। आप नैनीताल के आसपास ज्योलिकोट, भीमताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर भी जा सकते हैं।
हर्षिल (Harshil)
समुद्र तल से तकरीबन 2,620 मीटर की ऊंचाई पर स्थित हर्षिल भी गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए अच्छी जगह है। यह जगह हरियाली, घने जंगल, सुंदर नजारे, नदी और पहाड़ के चलते अपने-आप में ही अलग है। हर्षिल भागीरथी नदी के तट पर हिमालय की गोद में स्थित है।
प्रकृति प्रेमियों के लिए हर्षिल से अच्छी जगह कोई दूसरी नहीं हो सकती है। ट्रेकिंग और बर्ड वाचिंग के लिए भी हर्षिल आदर्श है। यहां आप धराली, मुखवास गांव, सत्तल, गंगनानी, गंगोत्री मंदिर जा सकते हैं। हर्षिल की ठंड से बचने के लिए आप गर्म पानी के कुंड में आनंद ले सकते हैं। हर्षिल पहुंचने के लिए निकटतम रेलवे स्टेशन ऋषिकेश है और निकटतम हवाई अड्डा जॉलीग्रांट है।
गर्मी से दूर पहाड़ों की वादियों में खाने के लिए ये थे कुछ टूरिस्ट स्पॉट के नाम। उत्तराखंड में ऐसे ही अनगिनत जगह हैं, जहां पर अपनी गर्मियों की छुट्टियां बिता सकते हैं। बस बरसात के मौसम में पहाड़ी इलाकों और चट्टानों के इर्द-गिर्द न जाएं। यहां लैंडस्लाइड होने का खतरा बहुत ज्यादा रहता है। हैप्पी ट्रैवलिंग!
0
Like
0
Saves
0
Shares
A