16 Feb 2022 | 1 min Read
Mona Narang
Author | 69 Articles
टी वी शो ‘शांति’ से मशहूर हुईं मंदिरा बेदी ने पहले छोटे पर्दे की दुनिया से लोगों का दिल जीता। इसके बाद उन्होंने क्रिकेट की दुनिया में कदम रख यह साबित कर दिया कि लड़कियां भी मैच होस्ट कर सकती हैं। पिछले काफी समय से वह फिटनेस आइकन बनकर उभरकर सामने आई हैं। मंदिरा ने 48 की उम्र में भी खुद को इतना फिट और एक्टिव रखा है कि फिटनेस के मामले में वह आज की अभिनेत्रियों को कड़ी टक्कर देती हैं। यही वजह है कि हर कोई उनकी डाइट और वर्कआउट प्लान जानना चाहता है।
मंदिरा का वर्कआउट प्लान हर दिन अलग होता है। उनका मानना है कि वह अपने शरीर को किसी एक एक्सरसाइज की आदत नहीं लगवाना चाहती। वह हर दिन शरीर के किसी एक पार्ट पर फोकस करती हैं। इसके अलावा, वह वजन को उठाने की बजाय कार्डियो एक्सरसाइज पर ध्यान देती हैं। जिस दिन उन्हें जिम जाने का समय नहीं मिलता तब वह घर पर ही एक्सरसाइज करती हैं।
मंदिरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट कर घर पर की जाने वाली 5 एक्सरसाइज के बारे में बताया था। इसमें उन्होंने बिना ब्रेक लिए 5 मिनट रेगुलर और सूमो स्क्वाट्स, 3 मिनट रिवर्स कर्ल, 4 मिनट जंपिंग जैक्स, 2 मिनट सुपरमैन और 1 मिनट प्लैंक रोजाना करने की सलाह दी है।
मंदिरा बेदी का मानना है कि वर्कआउट के साथ हेल्दी खाना खाने से बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। चलिए जानते हैं मंदिरा के स्पेशल डाइट प्लान के बारे में।
मंदिरा अपने स्वास्थ्य को लेकर कितनी गंभीर रहती हैं, इससे तो सभी अच्छे से वाकिफ हैं। वह अपनी डाइट का पूरा ध्यान रखती हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्हें मीठा खाना बहुत पसंद है। एक इंटरव्यू के दौरान मंदिरा ने हंसते हुए यह बात शेयर कि शुक्रवार और शनिवार को वो अपनी डाइट भूल जाती हैं। शुक्रवार की रात वो वाइन के साथ चॉकलेट डेजर्ट खाना पसंद करती हैं। उन्हें चॉकलेट आइसक्रीम और केक खाना बहुत पसंद है।
मंदिरा कहती हैं कि जो लोग शेप में आने के लिए जिम में घंटों पसीना बहाते हैं, उन्हें यह भी समझना होगा कि एक्सरसाइज करने का यह मतलब बिलकुल नहीं होता है कि उनका जो दिल करे वो खा सकते हैं। वजन को नियंत्रित रखने के लिए 80 प्रतिशत डाइट और 20 प्रतिशत एक्सरसाइज जरूरी होती है। वहीं, कुछ लोग खुद को घंटों भूखा रखते हैं। ऐसा करना भी ठीक नहीं है। इन लोगों को पौष्टिक खाद्यों का विकल्प खोजना चाहिए। इसके साथ ही खुद को छोटा लक्ष्य देकर एक शुरुआत करें। ऐसा नहीं कि सीधा अपने आप को 20 किलो कम करने का लक्ष्य दे दें। बेहतर होगा खुद को हर हफ्ते एक किलो कम करने का लक्ष्य दें और धीरे-धीरे इसे बढ़ाते चले जाएं।
फिटनेस आइकन मंदिरा बेदी की डाइट और वर्कआउट प्लान जानने के बाद क्या आप भी है फिटनेस गोल को पूरा करने के लिए तैयार।